गणतंत्र दिवस-2023 के अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री बनवारीलाल पुरोहित का दिनांक 26 जनवरी, 2023 को समाचार पत्रों में प्रकाशित होने वाला संदेश

प्रिय नागरिकों,

हमारे 74वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर, मैं पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ सहित पूरे देश व विदेशों में बसे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं। आज, हमारे लिए कृतज्ञता के साथ, हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है, जिन्होंने घोर कठिनाइयों और कष्टों का सामना करते हुए हमें हमारी स्वतंत्रता दिलाई और हमारे लोकतांत्रिक गणराज्य की नींव रखी। 

1950 में, आज ही के दिन, भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बनकर उभरा था। हम हमारे संस्थापकों के आभारी हैं, जिन्होंने नागरिकों के मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के रूप में हमारे संविधान में न्याय, स्वतंत्रता और समानता को प्रधानता दी। अधिकार एवं कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। नागरिकों द्वारा संविधान में वर्णित मौलिक कर्तव्यों के पालन द्वारा मौलिक अधिकारों के उपयोग हेतु एक उपयुक्त वातावरण का निर्माण होता है।

इसलिए, यह ऐतिहासिक दिन हमारे लिए आनंद मनाने का दिन है और साथ ही, यह उचित आत्मनिरीक्षण तथा हमारी कमियों और अपर्याप्तताओं के विश्लेषण का अवसर भी है, ताकि हमारी व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक उपाय किए जा सकें।

मुझे पूर्ण विश्वास है कि पंजाब और चंडीगढ़ के लोग, जो बदलाव से जुड़े हर आंदोलन में हमेशा अग्रणी रहे हैं, देश के बाकी हिस्सों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरेंगे।

आइए, हम इस ऐतिहासिक दिन पर राष्ट्रवाद और देशभक्ति के आदर्शों के प्रति स्वयं को पुनः समर्पित करें तथा पंजाब, चंडीगढ़ और देश को मजबूत व जीवंत बनाने के लिए प्रतिबद्धता, समर्पण और विश्वास के साथ काम करने का संकल्प लें।

मैं एक बार फिर आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूं।

जय हिन्द।