SPEECH OF HON’BLE GOVERNOR PUNJAB AND ADMINISTRATOR, UT CHANDIGARH, SHRI GULAB CHAND KATARIA ON THE OCCASION OF MEGA MULTI SPECIALITY HEALTH CAMP AT NANGAL ON SEPTEMBER 21, 2025.

Mega Multi-Specialty Health Camp के अवसर पर

राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी का संबोधन

दिनांकः 21.09.2025, रविवारसमयः दोपहर 10:30 बजेस्थानः नंगल, पंजाब

 

नमस्कार!

मैं, सबसे पहले, इंडियन माइनॉरिटीज फेडरेशन (IMF) और न्यू इंडिया डेवलपमेंट फाउंडेशन (NID) के सभी अधिकारियों तथा स्वयंसेवी साथियों को साधुवाद देता हूँ, जिन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की ‘निःस्वार्थ सेवा’ की भावना से प्रेरित होकर 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनाए जा रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत ‘मेगा मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ कैंप’ का आयोजन किया है।

मैं इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए श्री सतनाम सिंह संधू जी को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं। वे एक सांसद, शिक्षाविद्, दूरदर्शी नेता और परोपकारी व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए निरंतर कार्य किया है।

श्री संधू न केवल चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति हैं, जहाँ 56 हजार से अधिक छात्र देश और विदेश से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि वे वर्ष 2023 में अपने द्वारा स्थापित ‘इंडियन माइनॉरिटीज फेडरेशन’ (IMF) और ‘न्यू इंडिया डेवलपमेंट फाउंडेशन’ (NID) जैसे संगठनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम’’ की भावना को सशक्त कर रहे हैं। 

उन्होंने शिक्षा, रोज़गार सृजन, खेल, कृषि, अनुसंधान एवं विकास, कला-संस्कृति, मानविकी तथा महिला अधिकारों के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान दिया है। इससे उन्हें न केवल उनके संस्थानों से जुड़े लोगों के दिलों में, बल्कि पिछले चालीस वर्षों में उनकी प्रेरणादायक यात्रा से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए लाखों लोगों के हृदय में भी एक विशेष स्थान दिलाया है।

देवियो और सज्जनो,

हमारे प्रिय प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के 75वें जन्मदिन को समर्पित इस ‘मेगा मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ कैंप’, का उद्देश्य नागरिक कल्याण को सर्वोपरि रखना है। इस महत्वपूर्ण पहल द्वारा विविध क्षेत्रों के 17 विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा, ऑर्थो, गायनोकोलॉजी, ई.एन.टी., हृदय, त्वचा और कैंसर जैसी विशेष सेवाएँ दी जाएँगी।

मुझे बताया गया है कि इस हेल्थ कैंप में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा एक विशेष शिविर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ भी आयोजित किया जाएगा, जो माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिन पर शुरू की गई एक विशेष पहल है।

मेरा मानना है कि यह हेल्थ कैंप भारत सरकार की क्रांतिकारी आयुष्मान भारत योजना और फिट इंडिया मूवमेंट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह माननीय प्रधानमंत्री जी के उस विज़न से पूर्णतः जुड़ा हुआ है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक आम नागरिक को सुलभ और किफ़ायती स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

मुझे बताया गया है कि इस भव्य आयोजन में 16 प्रतिष्ठित अस्पतालों के 70 से अधिक डॉक्टरों एवं 500 से अधिक पैरामेडिकल स्टाफ और IMF व NID के स्वयंसेवी कार्यकर्ता अपनी सेवाएँ देंगे। अब तक 5 हजार से अधिक लोग इस शिविर के फायदों के लिए पंजीकृत हो चुके हैं।

देवियो और सज्जनो,

प्रधानमंत्री जी ने सदैव “सेवा ही संगठन” और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” का मंत्र देकर देश की प्रगति में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की है। 

आयुष्मान भारत जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना ने ग्रामीण और शहरी भारत के असंख्य घरों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाई हैं। 

आज जब हम इस मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन कर रहे हैं, तो यह प्रधानमंत्री जी के “सर्वजन स्वास्थ्य” के विज़न की जीवंत झलक है।

साथियो,

भारतीय संस्कृति में “सेवा परम धर्म” की भावना सदा से हमारी पहचान रही है। श्री नरेन्द्र मोदी जी ने इस परंपरा को और मजबूत करते हुए “जनसेवा ही प्रभु सेवा” का आदर्श प्रस्तुत किया है। 

उनके नेतृत्व में भारत ने न केवल आर्थिक प्रगति की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन, फिट इंडिया मूवमेंट, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और डिजिटल हेल्थ मिशन जैसी पहलों से स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव भी देखा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी जी “कर्मयोगी” हैं; उन्होंने अपने जीवन को राष्ट्र सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया है। उनका नेतृत्व आज भारत को वैश्विक शक्ति के शिखर की ओर ले जा रहा है।

पिछले 11 वर्षों में उनकी योजनाओं और नेतृत्व से करोड़ों नागरिकों का जीवन बदल गया। उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इसी कारण वे ‘गरीबों के मसीहा’ के नाम से सम्मानित हैं।

आज भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और प्रधानमंत्री जी ने 2047 तक विकसित भारत की रूपरेखा दी है। उनकी गति और संकल्प से वह दिन दूर नहीं जब भारत विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बनाएगा।

जो कभी एक दूर का सपना लगता था, वह आज साकार हो रहा है। भारत रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, अंतरिक्ष और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में तेज़ी से आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। ये सभी क्षेत्र हमारे राष्ट्र की शक्ति, गरिमा और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा के मजबूत स्तंभ हैं।

देवियो और सज्जनो,

पिछले 11 वर्षों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। पीएम मोदी ने भारत को हेल्थकेयर में भविष्य-दर्शी बनाया है। उन्होंने “वन अर्थ, वन हेल्थ” की परिकल्पना के साथ देश के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा पहुँचाने का लक्ष्य रखा है।

2014 में जहाँ 7 एम्स थे, वहीं आज 2025 तक इनकी संख्या 23 हुई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) शुरू की है, जिसने करोड़ों देशवासियों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई हैं।

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पिछले 11 वर्षों में 9 करोड़ से अधिक नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की गई है। इस योजना के लाभार्थियों में लगभग 49 प्रतिशत महिलाएँ हैं। अब तक 41.95 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड देशभर में बनाए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार के पिछले 11 वर्षों में भारत में 400 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिससे एमबीबीएस सीटों की संख्या 387 से बढ़कर 706 हो गई है।

प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय हेतु 99 हजार 859 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने संकल्प लिया है कि स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत हर क्षेत्र में विश्व में शीर्ष स्थान पर पहुँचेगा और एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।

पंजाब की बात करें तो यहां के स्वास्थ्य ढांचे में पीएम मोदी के नेतृत्व में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बठिंडा में एम्स, संगरूर में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, मोहाली में टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल, संगरूर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल शुरू हुए हैं, जिससे राज्य के नागरिकों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएँ मिल रही हैं।

देवियो और सज्जनो,

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी आज के भारत के सशक्त और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक हैं। उन्होंने पिछले 11 वर्षों में देश को नयी दिशा दी है और एक आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण का सपना साकार करने के लिए अनथक परिश्रम किया है। उनके नेतृत्व में भारत न केवल आर्थिक रूप से मज़बूत हुआ है, बल्कि वैश्विक मंच पर भी एक निर्णायक शक्ति के रूप में उभरा है।

मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे उन्हें निकट से जानने का अवसर मिला है। मैंने अब तक कोई ऐसा नेता नहीं देखा, जो भारत और भारतवासियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इतनी निस्वार्थ भावना और अथक परिश्रम से कार्य करता हो। उन्होंने पहले गुजरात को एक सशक्त आर्थिक शक्ति में बदल दिया और अब संपूर्ण भारत को एक वैश्विक महाशक्ति के रूप में रूपांतरित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने जीवन का हर क्षण और अपने शरीर का कण-कण देश और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। वे निःस्वार्थ सेवा, तपस्या, और निरंतर कर्म के प्रतीक बन चुके हैं। 

बचपन से लेकर आज तक उनकी जीवन यात्रा हर नागरिक के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कोई भी कार्य केवल अपने लिए नहीं, बल्कि भारत के लिए, उसके विकास, सम्मान और गरीब-कल्याण के लिए किया है। उनका त्याग, समर्पण और सेवा-भावना ने भारत की आत्मा को सशक्त किया है। राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ निष्ठा, संकल्प और साहस के साथ उन्होंने दिखाया है कि केवल नेतृत्व ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समर्पण ही भारत के कायाकल्प का आधार बन सकता है।

मैं अपने 145 करोड़ देशवासियों के साथ मिलकर हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित करता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना है कि मोदी जी को दीर्घायु प्राप्त हो, उनका स्वास्थ्य उत्तम बना रहे और वे लंबे समय तक देश की सेवा करते रहें।

अंत में मैं इस ‘मेगा मल्टीस्पेशलिटी हेल्थ कैंप’ के लिए श्री सतनाम सिंह संधू जी को साधुवाद देता हूँ। उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में सेवा का यह अद्भुत आयोजन कर प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को सार्थक अर्थ प्रदान किया है। 

यह शिविर हमें यह संदेश देता है कि समाज का हर वर्ग, हर संस्था और हर नागरिक जब मिलकर स्वास्थ्य और कल्याण के लिए योगदान करता है, तभी सच्चे अर्थों में “सशक्त भारत” का निर्माण होता है।

समाप्ति पर मैं हर डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, स्वयंसेवक, और अन्य सभी भागीदारों का अभिनंदन करता हूं जिन्होंने मानवता के इस उत्सव को संभव बनाया। साथ ही, सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएँ कि वे स्वस्थ जीवन की दिशा में नया सफर आरंभ करें।

आइए, हम सब इस विचार के साथ आगे बढ़ें कि स्वास्थ्य, सेवा, और समावेशन - यही नया भारत है, यही हमारी साझा जीत है।

धन्यवाद!

जय हिन्द!