SPEECH OF HON’BLE GOVERNOR PUNJAB AND ADMINISTRATOR, UT CHANDIGARH, SHRI GULAB CHAND KATARIA ON THE OCCASION OF FOUNDATION DAY OF UTTAR PRADESH, MANIPUR, MEGHALAYA, TRIPURA, DADRA & NAGAR HAVELI AND DAMAN & DIU AT PUNJAB LOK BHAVAN CHANDIGARH ON JANUARY 2
- by Admin
- 2026-01-21 18:40
विभिन्न राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस पर राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया जी का संबोधनदिनांकः 21 जनवरी, बुधवार समयः शाम 4:00 बजे स्थानः पंजाब लोक भवन
सभी को मेरा नमस्कार!
आज हम सब यहां मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, उत्तर प्रदेश, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव का स्थापना दिवस मनाने के लिए एकत्र हुए हैं। इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर, मैं आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ।
हालाँकि, गणतंत्र दिवस से जुड़े आयोजनों की व्यस्तता और अन्य कुछ कारणों के चलते आज हम उत्तर प्रदेश (24 जनवरी) तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (26 जनवरी), इन दोनों प्रदेशों का स्थापना दिवस भी एक साथ मना रहे हैं।
यह दिन इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के इतिहास, संस्कृति, और इनकी उपलब्धियों को याद करने का अवसर है।
इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हमें उस गौरवशाली दिन की याद दिलाता है, जब ये राज्य अस्तित्व में आये। यह दिन केवल एक भौगोलिक सीमा का निर्माण नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर, समृद्ध परंपराओं और एकजुटता का प्रतीक है।
मित्रो,
भारत, जिसे ‘‘अनेकता में एकता’’ का प्रतीक माना जाता है, दुनिया का एक ऐसा देश है जहाँ भाषा, धर्म, संस्कृति, परंपराएँ, और जीवनशैली में अनगिनत विविधताएँ हैं।
यहाँ पग-पग पर भाषा, खान-पान और पहनावे में परिवर्तन देखने को मिलता है, फिर भी यह देश राष्ट्रवाद एकता के सूत्र में बंधा हुआ है।
एक भारत श्रेष्ठ भारत” योजना का शुभारंभ हमारे प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 31 अक्टूबर 2015 को राष्ट्रीय एकता दिवस पर किया था। इसका मूल उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक, भाषाई और सामाजिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
इस पहल के तहत अलग-अलग प्रदेशों की भाषाओं, परंपराओं, लोक कला और विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ लोगों में आपसी समझ और सौहार्द बढ़ाने के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
राज्य स्थापना दिवस जैसे कार्यक्रम इस भावना को और प्रोत्साहित करते हैं, जिससे विविधता में एकता का जश्न मनाने और एक साझा राष्ट्रीय पहचान की अनुभूति को बढ़ावा मिलता है। यह पहल राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक और भाषाई आदान-प्रदान की दिशा में एक सशक्त माध्यम के रूप में कार्य कर रही है।
देवियो और सज्जनो,
भारत में 22 आधिकारिक भाषाएँ हैं और 19,500 से अधिक बोलियाँ बोली जाती हैं जो इसे दुनिया का सबसे बहुभाषी देश बनाती हैं। हर राज्य का अपना एक सांस्कृतिक रंग है।
धर्म और आध्यात्मिकता के क्षेत्र में भी भारत विश्व में अद्वितीय है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन, पारसी, और यहूदी समुदाय यहाँ सौहार्दपूर्ण जीवन व्यतीत करते हैं। यह विविधता हमें सहिष्णुता और भाईचारे का संदेश देती है।
भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक, विविधता में एकता का दर्शन हमारी राष्ट्रीय एकता का मूल आधार रहा है। जब भी देश पर कोई संकट आया है, हर धर्म, जाति, और भाषा के लोग एक साथ खड़े हुए हैं।
भारत में हर धर्म और समुदाय के त्योहार धूमधाम से मनाए जाते हैं। दीवाली, ईद, क्रिसमस, गुरुपर्व, और बुद्ध पूर्णिमा जैसे त्योहारों का महत्व न केवल धार्मिक है, बल्कि वे सभी के लिए एक साथ आने का अवसर प्रदान करते हैं।
कश्मीर से कन्याकुमारी तक पूरा भारत एक है जो उस गुलदस्ते की भांति है जो अलग-अलग रंग और सुगंध के फूलों को समेटे हुए है।
आज जब हम मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, उत्तर प्रदेश, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस मना रहे हैं, तो इनकी कुछ विशेषताओं से मैं आपको परिचित करवाना चाहूंगा।
मणिपुरः
मणिपुर, जिसे ‘भारत का गहना’ कहा जाता है, 21 जनवरी 1972 को भारतीय गणराज्य का बीसवाँ राज्य बना। यह ऐतिहासिक क्षण मणिपुर के लिए न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था, बल्कि इसने राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास के एक नए युग की शुरुआत भी की।
मणिपुर में प्राकृतिक संसाधनों का प्रचुर भंडार है। यहां की प्राकृतिक छटा देखने योग्य है। यहां तरोताजा करने वाले वाटर फॉल हैं। रंग-बिरंगे फूलों वाले पौधे हैं, दुर्लभ वनस्पतियां व जीव-जन्तु हैं, पवित्र जंगल हैं। यहां की मणिपुरी नृत्य दुनिया भर में पसंद की जाती है।
मणिपुर का अर्थ है मणि का प्रदेश। भले ही प्रदेश में मणियों की कोई खान न हो, किन्तु प्राकृतिक रूप से यह इतना सुन्दर प्रदेश है कि इसे मणियों का प्रदेश कहना गलत नहीं।
मणिपुर एक राज्य के रूप में आज जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसके लिए यहां के लोगों ने अपना तप और त्याग किया है।
मणिपुर के बेटों और बेटियों ने खेल के क्षेत्र में देश व अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मेरीकोम, मीराबाई चानू, सरिता देवी, डिंको सिंह और दवेंद्रो सिंह जैसे बहुत से खिलाड़ी मणिपुर से ही हैं।
त्रिपुराः
त्रिपुरा को भी पूर्ण राज्य का दर्जा 21 जनवरी 1972 में मिला। इस क्षेत्र का नाम राधाकृष्णपुर में स्थित त्रिपुरी सुंदरी के मंदिर के नाम पर रखा गया जिसे 51 शक्ति पीठों में से एक माना जाता है।
त्रिपुरा अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, इतिहास और लोककथाओं के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता का विशिष्ट उदाहरण है। इसकी अनोखी परंपराएँ इसे वास्तव में ‘लघु भारत’ का स्वरूप प्रदान करती हैं।
कभी किरात देश के नाम से जाना जाने वाला त्रिपुरा प्राचीन भारत के इतिहास में विशेष स्थान रखता है। महाभारत और पुराणों में उल्लेखित यह राज्य अपने समृद्ध अतीत और जीवंत जनजातीय परंपराओं के लिए प्रसिद्ध है।
त्रिपुरा का जनजातीय समाज प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन और आधुनिकता व परंपरा के संतुलन का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करता है, जहाँ पर्यावरण संरक्षण जीवन का अभिन्न अंग है।
19 मान्यता प्राप्त जनजातियों की संस्कृति त्रिपुरा की आत्मा है। इसका प्राकृतिक सौंदर्य और उज्जयंता पैलेस व नीरमहल जैसे ऐतिहासिक स्थल राज्य की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं।
ऊँचे-ऊँचे पहाड़, हरी-भरी घाटियाँ, और झरने यहाँ के प्रमुख आकर्षण हैं। त्रिपुरा के सिपाहीजला वन्यजीव अभयारण्य और रुद्रसागर झील न केवल पर्यावरणीय स्थिरता का प्रतीक हैं, बल्कि पर्यटकों को भी आकर्षित करते हैं।
त्रिपुरा का आधे से अधिक भाग जंगलों से घिरा है, जो प्रकृति-प्रेमी पर्यटकों को आकर्षित करता है। यह प्रदेश अपनी समग्र सांस्कृतिक परंपरा के लिए भी जाना जाता है।
यहाँ की बांस की शिल्पकला और हथकरघा उद्योग ने न केवल राज्य को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया है, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई है।
त्रिपुरा की बेटी दीपा करमाकर ने ओलंपिक में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे देश को गर्वित किया है।
मेघालयः
मेघालय का निर्माण 1970 को असम के अंतर्गत एक स्वतंत्र राज्य के रूप में किया गया। लेकिन इसे पूर्ण राज्य का दर्जा 21 जनवरी 1972 में मिला। मेघालय दो शब्दों मेघ और आलय से मिलकर बना है जिसका शाब्दिक अर्थ है बादलों का घर।
मेघालय, जिसे ‘बादलों का घर’ कहा जाता है, न केवल अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह दुनिया के लिए संरक्षण और पर्यावरणीय स्थिरता का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।
मेघालय ने अपने प्राकृतिक संसाधनों को संरक्षित रखते हुए प्रगति का एक मार्ग प्रशस्त किया है। यह राज्य न केवल भारत के लिए, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक प्रेरणा है कि कैसे प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण के साथ सतत विकास किया जा सकता है।
मेघालय के मेहनती किसानों ने अपनी लगन, पारंपरिक ज्ञान, और पर्यावरण के प्रति सम्मान से ‘ऑर्गेनिक स्टेट’ के रूप में राज्य की पहचान को मजबूत किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह टिकाऊ कृषि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक प्रेरणा भी है।
यहां का मॉलिनॉन्ग गांव देश का सबसे साफ गांव है जिसे ‘डिस्कवर इंडिया’ मैगज़ीन की ओर से 2003 में ‘एशिया का सबसे साफ गांव’ का खिताब मिला था।
मेघालय अपने घने जंगलों, झरनों और समृद्ध जैव-विविधता के लिए विश्वभर में पहचाना जाता है। इसका प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत इसे प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाते हैं।
इस खूबसूरत प्रदेश में मंत्रमुग्ध कर देने वाले बहुत से पर्यटक आकर्षण हैं। इनमें भारी वर्षा और अद्भुत परिदृश्यों के लिए जाना जाता चेरापूंजी; भारत का सबसे ऊँचा ‘नोहकलिकाई झरना’ और यूनेस्को द्वारा घोषित कई लुप्तप्राय प्रजातियों का घर ‘नोकरेक नेशनल पार्क’ प्रमुख पर्यटन स्थल हैं। इसके अलावा मावस्माई गुफाएँ और डैनथलेन झरना भी प्रमुख आकर्षण हैं।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मेघालय में ‘मातृवंशीय’ व्यवस्था है जिसने महिलाओं को प्रधानता का स्थान दिया है। इस व्यवस्था के पीछे की भावना यह है कि माँ ही वंश की स्रोत होती है, जो जीवन के लिए आवश्यक हर एक वस्तु प्रदान करती है।
उत्तर प्रदेशः
प्रतिवर्ष 24 जनवरी को ‘‘उत्तर प्रदेश दिवस’’ मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश का 4000 साल का समृद्ध इतिहास रहा है। यह राज्य गंगा-जमुनी तहजीब के लिए जानी जाती है।
पहले यह राज्य ‘‘यूनाइटेड प्रॉविंस” के नाम से पहचाना जाता था। 1 अप्रैल 1937 को ब्रिटिश शासन के दौरान इसे संयुक्त प्रांत आगरा और अवध के रूप में स्थापित किया गया था। लेकिन 24 जनवरी 1950 में इसका नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश भारत का वह पवित्र भूभाग है, जहाँ मानवता, धर्म, और संस्कृति ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। यह भूमि रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों की पृष्ठभूमि रही है। अयोध्या, काशी, और मथुरा जैसे पवित्र स्थलों ने इसे आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाया।
भगवान राम, भगवान कृष्ण, गौतम बुद्ध और भगवान महावीर के समय से, यह राज्य सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतिभा का केंद्र रहा है। यह राज्य वह स्थान है जहाँ से महात्मा बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया और महावीर ने अपने संदेश का प्रसार किया।
इतिहास के पन्नों में देखें तो मुगल, ब्रिटिश और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम तक, उत्तर प्रदेश ने हमेशा अपनी विशिष्टता बनाए रखी है। झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई, चंद्रशेखर आजाद, मंगल पांडे और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी मातृभूमि के लिए बलिदान दिया।
बाबा विश्वनाथ की काशी, प्रभु श्रीराम की अयोध्या, योगेश्वर श्रीकृष्ण की मथुरा तथा भगवान बुद्ध के सारनाथ से निकलने वाली भारत की परंपराएं और भाव-धाराएं सभी देशवासियों को एक सूत्र में पिरोती हैं।
बाबा गोरखनाथ की तपस्थली गोरखपुर, संत कबीर की मुक्ति-स्थली मगहर तथा उत्तर प्रदेश के अनेक अत्यंत पवित्र स्थलों में भारत की आध्यात्मिक शक्ति का उत्कर्ष देखा गया है।
ऐसे पवित्र स्थानों की आध्यात्मिक ऊर्जा युगों-युगों तक हमारे देश को शक्ति प्रदान करती रहेगी।
अभी हाल ही में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्मध्वज फहराया जाना राष्ट्र के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक क्षण था। यह ध्वजारोहण मंदिर निर्माण की पूर्णता और राष्ट्रीय एकता व सांस्कृतिक नवचेतना के एक नए अध्याय के आरंभ का प्रतीक बना।
वर्ष 2017 में यूनेस्को ने प्रयागराज कुम्भ मेला को ‘intangible cultural heritage of humanity’ अर्थात विश्व की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता प्रदान की है।
प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम पर आयोजित होने वाला कुंभ मेला प्राचीनकाल से ही भारत का एक प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन रहा है। यह आयोजन न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का एक अभूतपूर्व उत्सव भी है।
यहाँ की शास्त्रीय संगीत परंपरा, विशेषकर बनारस घराना और लखनऊ घराना, विश्वभर में प्रसिद्ध है।
यह राज्य भारत की सबसे बड़ी जनसंख्या वाला राज्य है और भारतीय राजनीति का केंद्र भी। देश में सबसे बड़ा कार्यबल और सबसे बड़ी युवा आबादी उत्तर प्रदेश में ही है।
उत्तर प्रदेश संस्कृति और साहित्य में समृद्ध राज्य है। यह वास्तुशिल्प, चित्रकारी, संगीत, नृत्यकला के लिए प्रसिद्ध है।
यह राज्य हिन्दुओं की प्राचीन सभ्यता का धरोहर है। उत्तर प्रदेश के अनेक आश्रमों में वैदिक साहित्य, मंत्र, मनुस्मृति, और महाकाव्य-रामायण एवं महाभारत के उल्लेखनीय हिस्से आज भी जीवंत रूप में अध्ययन और अध्यापन का केंद्र हैं।
उत्तर प्रदेश की भूमि ने गोस्वामी तुलसीदास, कबीरदास, सूरदास, भारतेंदु हरिश्चंद्र, आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी, आचार्य राम चन्द्र शुक्ल, मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद, सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला, सुमित्रानंदन पंत, मैथलीशरण गुप्त, सोहन लाल द्विवेदी, हरिवंश राय बच्चन, महादेवी वर्मा, राही मासूम रजा, हजारी प्रसाद द्विवेदी जैसे महान साहित्यकारों और कवियों को जन्म दिया है, जिन्होंने भारतीय साहित्य को समृद्ध किया है।
ऐसा नहीं कि राज्य में सिर्फ हिन्दी या संस्कृत साहित्य समृद्ध है। उत्तर प्रदेश के साथ उर्दू साहित्य के एक से बड़े एक नाम भी जुड़े हैं। फिराक़, जोश मलीहाबादी, अकबर इलाहाबादी, नज़ीर, वसीम बरेलवी, चकबस्त जैसे अनगिनत शायर उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे देश की शान हैं।
भारतीय नृत्य की बात करें तो 18वीं शताब्दी में उत्तर प्रदेश में वृन्दावन और मथुरा के मन्दिरों में भक्तिपूर्ण नृत्य के तौर पर विकसित शास्त्रीय नृत्य शैली “कथक” उत्तरी भारत की शास्त्रीय नृत्य शैलियों में सर्वाधिक प्रसिद्ध है। इस राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के लोकगीत काफी मशहूर हैं।
उत्तर प्रदेश में पर्यटकों के लिए अनेक दर्शनीय स्थल हैं। यहां ताजमहल जैसी अद्वितीय धरोहर है तो धार्मिक स्थलों में वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, वृंदावन, देवा शरीफ, प्रयाग, चित्रकूट, शाकम्भरीदेवी सहारनपुर, सोरों, विंध्याचल और नैमिषारण्य जैसे तीर्थ स्थान शामिल हैं।
दमन एवं दीव और दादरा एवं नगर हवेलीः
दमन एवं दीव तथा दादरा एवं नगर हवेली पहले दो अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश थे। प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से श्री अमित शाह जी ने 26 नवंबर 2019 को लोकसभा में इनके विलय का विधेयक प्रस्तुत किया। संसद की मंजूरी के बाद 26 जनवरी 2020 को दोनों का विलय होकर एक नया केंद्र शासित प्रदेश बना, और इसी तिथि को इसका स्थापना दिवस मनाया जाता है।
ऐतिहासिक रूप से दोनों क्षेत्रों पर लंबे समय तक पुर्तगाली शासन रहा; 1961 में मुक्ति के बाद दमन-दीव 1987 तक गोवा का हिस्सा रहा और गोवा को राज्य का दर्जा मिलने पर यह अलग केंद्र शासित प्रदेश बना।
दो अगस्त 1954 को आजाद होने के बाद दादरा व नगर हवेली में वर्ष 1961 तक स्थानीय निकाय का प्रशासन रहा। वर्ष 1961 में भारत में विलय के बाद उसे केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था।
पर्यटन की दृष्टि से ये दोनों केंद्र शासित प्रदेश अपने ऐतिहासिक और समृद्ध धरोहर, कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध है। यहां के मनमोहक वातावरण लोगों को आकर्षित करते हैं।
दमन मुख्य भूमि पर स्थित है, जबकि दीव भारत के पश्चिमी तट का ठण्डी हवाओं का एक छोटा और सुन्दर द्वीप है। यहाँ वर्ष भर रहने वाली सुखद जलवायु प्रत्येक मौसम में इसे पर्यटन का केन्द्र बनाती है।
अरब सागर की गोद में स्थित दीव में ऐतिहासिक पुर्तगाली स्मारक, स्वर्णिम समुद्र तट, प्रदूषण रहित नीला जल है, जिसके कारण वर्ष भर यह पर्यटन का केन्द्र बना रहता है। वहीं दमन गंगा नदी के मुहाने के निकट स्थित अरब सागर से मिलने वाला दमन आपके सपनों का पर्यटन स्थल हो सकता है। इसका प्राकृतिक सौन्दर्य पर्यटकों को अपने आकर्षण से यहाँ खींच लाता है।
इस संघ प्रदेश की राजधानी ‘सिलवासा’ है जो चंडीगढ़ के जैसे अब सर्वत्रवासी शहर हो गया है। जैसे चंडीगढ़ में देश के अन्य प्रांतों से आए लोग रह रहे हैं, व्यवसाय कर रहे हैं, उसी तरह भारत का कोई कोना ऐसा नहीं होगा जिसके लोग सिलवासा में न रहते हों।
यहां के लोगों को अपनी जड़ों से प्यार है लेकिन आधुनिकता को भी उतना ही अपनत्व देते हैं। यहां की घर-घर जाकर अपशिष्ट संग्रहण की सुविधा हो या फिर सौ प्रतिशत अपशिष्ट प्रसंस्करण, यह केन्द्र शासित प्रदेश, सभी राज्यों को प्रेरणा दे रहा है।
हरे-भरे जंगल, घुमावदार नदियाँ, अकल्पनीय समुद्र तट, कलकल बहते झरनों की मधुर ध्वनि, दूर-दूर तक फैली पर्वत शृंखलाएँ, विविध वनस्पतियों और जीवों का एक भव्य बहुरंगी परिदृश्य यहां मौजूद है।
इस केन्द्र शासित प्रदेश के पास देश के महत्वपूर्ण टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभरने का अच्छा सामर्थ्य है। यह शांति, एकांत और सुकून की तलाश करने वाले पर्यटकों के लिए स्वर्ग है। दमन और दीव की सुंदरता ऐसी है कि इसे कभी कीचड़ में कमल के रूप में जाना जाता था।
इस प्रकार, हर राज्य की अपनी विशेषता, संस्कृति और इतिहास है, और यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि इन राज्यों की यात्रा ने न केवल अपने निवासियों को सशक्त किया, बल्कि पूरे देश को एकता, विविधता और समृद्धि की दिशा में प्रगति करने की प्रेरणा दी। ये राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश हमारे देश के गौरव का हिस्सा हैं, और इनके योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता।
इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारी विविधता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। अलग-अलग भाषाओं, परंपराओं, और संस्कृतियों के बावजूद, हम सभी एक भारत के नागरिक हैं।
मैं इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं से विशेष रूप से अपील करता हूँ कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखें और अपनी ऊर्जा का उपयोग भारत के विकास और समृद्धि में करें।
इस अवसर पर, आइए हम सभी यह संकल्प लें कि हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजते हुए एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
अंत में, मैं आप सभी को पुनः शुभकामनाएँ देता हूँ और इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।
धन्यवाद
जय भारत!
जय हिंद!